तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, किया स्वागत
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंच गए हैं। उनके साथ ही भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
भाजपा कार्यालय पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का ढोल-दमाऊं और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सांसद तीरथ सिंह रावत, अनिल बलूनी, त्रिवेंद्र सिंह रावत, कल्पना सैनी, नरेश बंसल और माला राज्यलक्ष्मी शाह समेत कई नेता मौजूद रहे। वहीं मंत्री धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, भारत चौधरी तथा पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने पहुंचे।
अपने दौरे के दौरान नितिन नवीन सरकार और संगठन के कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों, सांसदों और संगठन के विभिन्न स्तरों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। भाजपा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती, लाभार्थियों तक सीधा संपर्क और छोटे स्तर के प्रभावी कार्यक्रमों पर विशेष फोकस कर रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इन्हीं विषयों पर रणनीति तय करेंगे।

29 मई को नितिन नवीन टपकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, विपक्ष की गतिविधियों और सरकार की छवि पर चर्चा होगी।
दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी में शामिल होंगे। इसके अलावा बूथ समिति, मंडल कार्यकारिणी, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुखों और दायित्वधारियों के साथ भी बैठकें करेंगे। भाजपा संगठन इस दौरे को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!