कैबिनेट मंत्री ने दिए एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों को पूर्व में किए गए वायदों के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। साथ ही एनआईटी प्रशासन को राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर के अधिगृहित भवनों को चरणबद्ध तरीके से तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस सौंपने के निर्देश दिए गए।
डॉ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर तकनीकी शिक्षा विभाग, एनआईटी श्रीनगर और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संस्थान को बिजली, पानी और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं, जबकि शेष कार्य संस्थान को स्वयं पूर्ण करने हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य अनुबंधों के अनुरूप नहीं चल रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि देने वाले परिवारों एवं आसपास के ग्रामीणों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही एनआईटी परिसर से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा। बैठक के दौरान तकनीकी शिक्षा विभाग के वार्षिक स्थानांतरण समय पर करने के निर्देश भी दिए गए। मंत्री ने एक सप्ताह के भीतर प्रतिनियुक्ति एवं सम्बद्धीकरण समाप्त कर कार्मिकों को उनके मूल पदों पर भेजने के आदेश दिए। बैठक में विभागीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
