चारधाम यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, नमूने लिए गए

हरिद्वार। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने हर की पैड़ी, खड़खड़ी, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और डेयरियों की जांच की। निरीक्षण के दौरान पनीर, दूध और तैयार खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। विभाग ने जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों का भी निस्तारण किया। अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा अवधि में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
