कुंभ मेला-2027 को सफल बनाने के लिए सभी विभागों में समन्वय जरूरी: मेलाधिकारी

सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और यातायात की दृष्टि से सुगम बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), मेला प्रशासन और जिला प्रशासन की उच्चस्तरीय बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति और समयबद्ध पूर्णता पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में एनएचएआई के सदस्य (प्रशासन) विशाल चौहान, मेलाधिकारी सोनिका तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान हरिद्वार बाईपास, प्रस्तावित रिंग रोड, फ्लाईओवर, सड़क चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार और यातायात प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेले में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। बैठक में ज्वालापुर, बहादराबाद और मंगलौर क्षेत्र में निर्माणाधीन फ्लाईओवरों को शीघ्र पूरा करने के साथ-साथ सर्विस लेन, सड़क प्रकाश व्यवस्था और ड्रेनेज कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान भूमि उपलब्धता, यातायात डायवर्जन, बिजली और पेयजल लाइनों की शिफ्टिंग, वन विभाग की अनुमति तथा मानसून के प्रभाव जैसी चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के लिए सभी आधारभूत संरचना संबंधी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे होना जरूरी हैं। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्माण कार्यों में आ रही स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
