लम्बगांव थाने के निरीक्षण में व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

टिहरी। पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी टिहरी चंदमोहन सिंह ने थाना लम्बगांव का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, अभिलेख, शस्त्रागार, मालखाना, आपदा उपकरणों और थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
थाना क्षेत्र आपदा संवेदनशील होने के कारण राहत एवं बचाव उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई तथा पुलिस कर्मियों को आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में माल मुकदमाती वाहनों, लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने थाना परिसर, भोजनालय, महिला सहायता डेस्क और सीसीटीएनएस कार्यालय की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अनुशासित कार्य वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। बाद में व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन और स्थानीय लोगों के साथ गोष्ठी कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा आमजन से पुलिस का सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की गई।
