जिलाधिकारी ने उद्योगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक आस्थानों की समस्याओं, उद्यमियों की आवश्यकताओं और औद्योगिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध पार्किंग रोकने और सुविधाओं के विकास को लेकर कार्रवाई की जा रही है। राजकीय औद्योगिक आस्थान सिताबपुर में लंबित यूजर चार्ज भुगतान को लेकर जिलाधिकारी ने 15 दिनों के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए तथा भुगतान न होने पर आरसी जारी करने की चेतावनी दी। बैठक में जलभराव, सड़क मरम्मत, सार्वजनिक शौचालय निर्माण और बंद पड़े प्रोजेक्ट्स के मामलों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने स्थानीय हर्बल एवं काष्ठ आधारित उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए प्रभावी मार्केटिंग सेल बनाने और नियमित बायर-सेलर मीट आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल मार्केटिंग पर विशेष जोर देते हुए स्थानीय उद्योगों को आत्मनिर्भर और निर्यातोन्मुख बनाने की बात कही। बैठक में निर्यात प्रोत्साहन डेस्क स्थापित करने और उद्यमियों को प्रशिक्षण व विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!