गढ़वाल मंडल आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की समन्वय बैठक, जनहित को दी प्राथमिकता
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
पौड़ी। आयुक्त सभागार में गढ़वाल मंडल आयुक्त की अध्यक्षता में प्रशासनिक समन्वय एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल एवं जनपद स्तर के अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं, जनहित से जुड़े मुद्दों और विभागीय समन्वय पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, अपर आयुक्त उत्तम सिंह चौहान एवं अन्य अधिकारियों ने आयुक्त का स्वागत किया। इसके बाद विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, विकास कार्यों और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाएं, कानून व्यवस्था, वन संरक्षण, सड़क, पेयजल, आपदा प्रबंधन तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा हुई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाना चाहिए। बैठक में अधिकारियों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए साप्ताहिक रोस्टर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने वनाग्नि रोकथाम, आपदा प्रबंधन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में विभागीय तालमेल मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान विभिन्न विभागों की चुनौतियों और भावी कार्ययोजनाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में मंडलीय एवं जनपदीय स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!