गढ़वाल विवि और एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र के बीच सहयोग समझौता

श्रीनगर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय और केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र (सीटीसी) एसएसबी के बीच आपसी सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान, कौशल विकास, खेल, योग, आपदा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। विद्यार्थियों और कार्मिकों के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि यह समझौता ज्ञान और संसाधनों के आदान-प्रदान को मजबूत करेगा।
