सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के डीएम मयूर दीक्षित ने दिए निर्देश

हरिद्वार। सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए तथा योजनाओं की नियमित स्थलीय समीक्षा सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आगामी तीन माह की कार्ययोजना और विकास कार्यों का विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित अधिकारी 15 दिन का नोटिस जारी कर तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने जल संस्थान और पेयजल निगम को पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बिजली चोरी रोकने और जर्जर विद्युत पोल व झूलती तारों का सुरक्षा ऑडिट कराने को कहा गया।
उन्होंने राशन कार्ड सत्यापन अभियान में तेजी लाने, मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और बाहरी व्यक्तियों के फर्जी राशन कार्ड न बनने देने के निर्देश भी दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग को मानसून से पहले डेंगू और अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया।
