गंगा दशहरा पर श्री गंगोत्री धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजे जयकारे
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहन सिंह राणा,

उत्तरकाशी/गंगोत्री। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर श्री गंगोत्री धाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। धाम में विभिन्न क्षेत्रों से देव डोलियों का आगमन लगातार जारी है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन और जयकारों से गंगोत्री धाम आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शन के लिए कतारबद्ध व्यवस्था लागू की गई है तथा प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग बनाए रखने और यात्रा नियमों का पालन करने की अपील की है।

सुरकंडा मंदिर क्षेत्र में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
टिहरी। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर टिहरी जनपद स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर और कद्दूखाल क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां सुरकंडा देवी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। भीड़ और वाहनों के बढ़ते दबाव के बावजूद टिहरी पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की गई। पुलिस कर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित पार्क करवाकर जाम की स्थिति नहीं बनने दी। मंदिर क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!