जनता दरबार में सुनी 41 शिकायतें, पेयजल व मुआवजा मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

नई टिहरी। जिला सभागार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जनपदवासियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 41 शिकायतें प्राप्त हुईं, जो पेयजल, बिजली, मुआवजा, पेंशन एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों से संबंधित थीं। बैठक में सीएम हेल्पलाइन एवं जनसमर्पण पोर्टल पर लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा समाधान हो चुके मामलों को पोर्टल पर अपडेट करने को कहा। बैठक में उन्होंने भूमि अतिक्रमण हटाने, बिजली चोरी रोकने और राशन कार्ड सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिनमें नंदा गौरा योजना, सड़क निर्माण मुआवजा, पेयजल लाइन सुधार और भूमि क्षति से जुड़े मामले शामिल रहे। अधिकारियों को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनता दरबार में जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
