राजपुर हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता, 25 हजार की इनामी अभियुक्ता गिरफ्तार
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / वेणीराम उनियाल,
देहरादून। पुलिस ने राजपुर क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व हुए चर्चित हत्याकांड का खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये की इनामी अभियुक्ता हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल के नेतृत्व में दून पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है।
मामला 26 मई 2025 का है, जब जाखन स्थित कृष्णा विहार निवासी अजय भटेजा की हत्या कर दी गई थी। मृतक के ममेरे भाई जतिन कुमार की तहरीर पर थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने पहले मुजफ्फरनगर निवासी शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि अजय भटेजा की हत्या उसके सौतेले भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते सुपारी देकर कराई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजन अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ 25 मई 2025 को देहरादून पहुंचा था। योजना के तहत पहले मृतक से संपत्ति के कागजात लेने का प्रयास किया गया। असफल होने पर राजन ने तकिये से मुंह दबाकर अजय भटेजा की हत्या कर दी। इसके बाद हुमेरा ने राजन के साथ मिलकर घटना को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। बाद में दोनों ने कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार आरोपी कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ ले गए थे। घटना के बाद दोनों सहारनपुर फरार हो गए। अब पुलिस ने अभियुक्ता हुमेरा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अमित भटेजा अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। कार्रवाई में थाना राजपुर पुलिस और एसओजी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!