श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे के कपाट खुले, पहले दिन 6,500 श्रद्धालुओं ने टेका मत्था


चमोली। श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा के कपाट शनिवार को विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। यात्रा के पहले दिन करीब 6,500 श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेका तथा पवित्र सरोवर में स्नान कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
कपाट खुलने की प्रक्रिया शनिवार सुबह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ प्रारंभ हुई। नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः 9 बजे पंच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरुग्रंथ साहिब को सचखंड से दरबार साहिब में सुशोभित किया गया। इसके बाद सुखमणी साहिब का पाठ एवं सबद कीर्तन आयोजित किया गया। धार्मिक कार्यक्रमों के उपरांत गुरुद्वारे के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। दोपहर 12रू30 बजे इस वर्ष की पहली अरदास संपन्न हुई और हुक्मनामा के साथ वार्षिक यात्रा का विधिवत शुभारंभ हुआ। पूरे गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर देश और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रशासन एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि यात्रा सुचारू और सुरक्षित ढंग से संचालित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!