सैंजी गांव में फिर लौटी उम्मीदें, प्रभावित परिवारों को मिला नया आशियाना

पौड़ी गढ़वाल। सैंजी गांव में पिछले वर्ष भारी बारिश और भूस्खलन से 16 परिवार बेघर हो गए थे, जिनमें 7 परिवारों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए थे। आपदा के बाद गांव में भय और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन अब लगभग नौ माह बाद प्रभावित परिवारों को नए घर मिलने से उम्मीदें फिर लौट आई हैं।
आपदा के तुरंत बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गांव पहुंचे थे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। सरकार द्वारा सभी 16 परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई, जबकि पूर्ण रूप से प्रभावित 7 परिवारों को एसडीआरएफ विस्थापन मद से 4.25 लाख रुपये अतिरिक्त प्रदान किए गए। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ राहत, चिकित्सा सुविधा और पुनर्वास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया, जिससे प्रभावित परिवारों को दोबारा सुरक्षित आवास मिल सका।
