आईटीआई और उद्योगों के बीच बढ़ा समन्वय, कोटद्वार में 08 एमओयू हस्तांतरित

पौड़ी। कोटद्वार स्थित जिला उद्योग केंद्र में आईटीआई प्रशिक्षुओं एवं स्थानीय उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से कार्यशाला आयोजित की गई। सीमेंस, टाटा स्ट्राइव, आईटीआई एवं जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में आईटीआई और विभिन्न उद्योगों के मध्य 08 एमओयू हस्तांतरित किए गए। कार्यशाला में 25 से अधिक उद्योगों और 40 से अधिक प्रशिक्षुओं ने भाग लेते हुए 11 नवाचार आधारित प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित किए, जिन्हें उद्योगों के लिए उपयोगी और व्यवहारिक माना गया। कार्यक्रम में युवाओं को उद्योगों की तकनीकी आवश्यकताओं, कार्यप्रणाली एवं रोजगार संभावनाओं की जानकारी दी गई। कार्यशाला में 110 से अधिक प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता रही।
