फायर सेफ्टी, सीसीटीवी और ऑनलाइन डाटा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में फर्जी एवं अवैध शस्त्र लाइसेंसों की रोकथाम तथा शस्त्र नियंत्रण व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शस्त्रागारों की सुरक्षा, अवैध हथियारों एवं गोला-बारूद की बिक्री पर नियंत्रण तथा ऑनलाइन डाटा प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने पौड़ी एवं कोटद्वार स्थित शस्त्रागारों में फायर सेफ्टी, स्टॉक रजिस्टर, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज का कम से कम एक वर्ष का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए। साथ ही अवैध हथियार एवं गोला-बारूद बेचने वालों के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस धारकों के अभिलेखों का भौतिक सत्यापन, यूआईएन जांच तथा विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं बिक्री की संयुक्त जांच पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को सभी रिकॉर्ड पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से ऑनलाइन अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।
