कुम्भ-2027 से पहले हरित होगा हरिद्वार, बड़े स्तर पर चलेगा पौधारोपण अभियान

हरिद्वार। कुम्भ मेला-2027 को स्वच्छ, सुंदर और हरित स्वरूप देने के उद्देश्य से मेला प्रशासन और हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण के सहयोग से “हरित हरिद्वार अभियान” शुरू किया जाएगा। आगामी मानसून सत्र में कुंभ क्षेत्र में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण कराया जाएगा। मेला अधिकारी एवं प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका की पहल पर चलाए जा रहे इस अभियान के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आमजन, संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं पौधारोपण के लिए स्थान चयन कर प्राधिकरण को सूचना दे सकते हैं, जिसके बाद समन्वय कर आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। डॉ. मिश्रा ने कहा कि कुम्भ-2027 केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का भी बड़ा अवसर है। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण और संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
