आगामी मानसून को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, आपदा प्रबंधन तैयारियां समयबद्ध पूरी करने के निर्देश
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन सभागार में आगामी मानसून की तैयारियों एवं आपदा प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी विभागों को मानसून से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए। ब्लॉक एवं तहसील स्तर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, जिला पंचायत, नगर पालिकाओं, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और पीएमजीएसवाई अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव की स्थिति से बचने के लिए सभी नालों, नालियों और कलमाठों की मानसून से पहले अनिवार्य रूप से सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तहसील एवं खंड विकास अधिकारियों को आपदा प्रबंधन उपकरणों को सुचारू स्थिति में रखने तथा राहत केंद्रों को पूर्व से तैयार रखने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग को जलभराव एवं भूमि कटाव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर तटबंधों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने को कहा गया। वहीं जल संस्थान एवं पेयजल निगम को गर्मी के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने और लीकेज की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने पेयजल शिकायतों के लिए जल संस्थान का टोल फ्री नंबर 18001804100 भी जारी किया है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को डेंगू रोकथाम एवं चिकित्सीय व्यवस्थाएं मजबूत रखने, जबकि विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आगामी मानसून और कांवड़ मेले को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस विभाग को समन्वय के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!