द्वारीखाल बीडीसी बैठक में विकास कार्यों की गुणवत्ता पर जोर

पौड़ी। विकासखंड द्वारीखाल सभागार में ज्येष्ठ उप प्रमुख नीलम नैथानी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, वन, विद्युत और पंचायत भवनों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित समाधान और कार्यों की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में जल संस्थान को टैंकरों से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया।
