ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही पर डीएम सख्त

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और नमामि गंगे कार्यक्रम की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अवैध कूड़ा डंपिंग रोकने और स्वच्छता व्यवस्था को वैज्ञानिक व व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी स्थान पर अनधिकृत रूप से कूड़ा डंप नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। समिति नियमित निगरानी कर अवैध अपशिष्ट निस्तारण पर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। बैठक में कूड़ा पृथक्करण, लीगेसी वेस्ट मैनेजमेंट, स्वच्छता वाहनों के सत्यापन, स्मार्ट शौचालयों और ठोस अपशिष्ट संयंत्रों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने नगर निकायों और ग्राम पंचायतों को मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
