आबकारी विभाग ने बरामद की 69 लीटर अवैध शराब

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में विभाग की टीम विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और सघन चेकिंग कर रही है।
अभियान के तहत अब तक 69 लीटर अवैध शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 96 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। विभाग ने 142 से अधिक छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने कहा कि यात्रा अवधि में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
