पौड़ी में शुरू हुआ बेमौसमी बटन मशरूम उत्पादन, महिलाओं को रोजगार

पौड़ी गढ़वाल। ग्राम्य विकास विभाग की ग्रामोत्थान परियोजना के तहत स्थापित ’हिलांस मशरूम यूनिट’ में बेमौसमी बटन मशरूम का सफल उत्पादन शुरू हो गया है। संकेत स्वायत्त सहकारिता द्वारा संचालित यह पहल मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर उत्तराखंड और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के संकल्प को नई दिशा दे रही है।
परियोजना के तहत ग्राम्य विकास विभाग के एक अनुपयोगी भवन को आधुनिक मशरूम उत्पादन इकाई में बदला गया है। पहली यूनिट में लगाए गए 500 बटन मशरूम बैग से उत्पादन शुरू हो चुका है और प्रतिदिन ताजा मशरूम स्थानीय बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक करीब 245 किलोग्राम मशरूम की बिक्री हो चुकी है।
परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने बताया कि पौड़ी की अनुकूल जलवायु के कारण गर्मियों में भी बटन मशरूम उत्पादन संभव हो पाया है, जो मैदानी क्षेत्रों में चुनौतीपूर्ण माना जाता है। शीतकाल में शिटाके मशरूम उत्पादन की भी योजना है। इस यूनिट से वर्तमान में दो स्थानीय महिलाओं को नियमित रोजगार मिला है। महिलाएं उत्पादन, पैकेजिंग और गुणवत्ता प्रबंधन जैसे कार्यों में सक्रिय हैं। आगामी 70-75 दिनों में 1100 से 1200 किलोग्राम उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
