कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी, मेलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मेलाधिकारी सोनिका लगातार अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण कर रही हैं और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दे रही हैं।
शनिवार को मेलाधिकारी ने खड़खड़ी क्षेत्र में सूखी नदी पर प्रस्तावित डबल लेन पुल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग को तय समयसीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पुल कुंभ मेले के दौरान यातायात दबाव कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके बाद दूधाधारी चौक, पावनधाम और खड़खड़ी को जोड़ने वाली आंतरिक सड़कों का निरीक्षण कर सड़क सुधार, अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। खड़खड़ी घाटों पर सफाई और रखरखाव बेहतर करने पर भी जोर दिया गया।
दोपहर बाद शंकराचार्य चौक, डामकोठी रोड, तुलसी चौक और अमरापुर घाट क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। यहां सड़क और चौराहों के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए। अमरापुर घाट से कांवड़ पटरी को जोड़ने के लिए पैदल पुल निर्माण और तुलसी चौक के निकट पार्किंग निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
मेलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 से पहले आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी सभी परियोजनाएं प्राथमिकता के साथ पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!