यूआरसीएमएस पोर्टल से राशन कार्ड सेवाएं हुई ऑनलाइन

देहरादून। भारत सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत राशन कार्ड सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सरल बनाने के लिए यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक घर बैठे नया राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने-हटाने और अन्य संशोधन ऑनलाइन कर सकेंगे।
सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को अपडेट कर आधुनिक तकनीक के साथ यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल पर सिटिजन लॉगिन के माध्यम से आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। नए राशन कार्ड के लिए आधार आधारित ओटीपी सत्यापन जरूरी होगा, जबकि पुराने कार्ड में संशोधन के लिए परिवार के मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अनिवार्य रहेगा। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि नागरिक तहसील और जिला पूर्ति कार्यालयों में भी नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने पुराने राशन कार्ड धारकों से 30 मई से पहले “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के माध्यम से ई-केवाईसी पूर्ण करने की अपील की है। नए राशन कार्ड के लिए आधार कार्ड, फोटो, आय प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बिजली बिल, बैंक पासबुक और गैस बुक सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। नई व्यवस्था से राशन कार्ड सेवाएं अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनेंगी
