सांसद अनिल बलूनी ने दिशा बैठक में दिए विकास कार्यों की समीक्षा के निर्देश


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने विकास भवन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, खेल, संचार एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकरों से आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अधूरी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने लैंडस्लाइड से प्रभावित मोटर मार्गों के सुधारीकरण और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने को कहा। गुमखाल-सतपुली मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित परिसंपत्तियों के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में डायलिसिस सेवाओं, 108 एंबुलेंस और आयुष्मान कार्ड की प्रगति पर चर्चा हुई। कोटद्वार एवं पौड़ी डायलिसिस सेंटर की क्षमता बढ़ाने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग को दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था विकसित करने और पेंशन सत्यापन कार्य को 15 दिन में पूरा करने को कहा गया। कृषि क्षेत्र में थलीसैंण ब्लॉक को ऑर्गेनिक खेती के पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया गया। खेल सुविधाओं के विस्तार, बीएसएनएल नेटवर्क सुधार और मानव-वन्यजीव संघर्ष प्रभावितों को त्वरित राहत देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिभाग किया तथा विकास कार्यों को गति देने पर सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!