डेंगू रोकथाम माह शुरू, 15 जून तक चलेंगे जागरूकता अभियान

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत डेंगू रोग की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए डेंगू रोकथाम माह की शुरुआत की गई है, जो 15 जून तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि इस दौरान चिकित्सा इकाइयों में जागरूकता गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए जा रहे हैं। आशा कार्यकत्रियां घर-घर जाकर लार्वा निरोधक गतिविधियां भी करेंगी। एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शाकिब ने बताया कि तेज बुखार, सिर दर्द और जोड़ों में दर्द डेंगू के प्रमुख लक्षण हैं। उन्होंने लोगों से समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और पानी जमा न होने देने की सलाह दी है।
