आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे, देहरादून में संगीत संध्या आयोजित

देहरादून। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी देहरादून ने बुधवार को दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में शास्त्रीय एवं उप-शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय मानक ब्यूरो, देहरादून के निदेशक हेमंत बी. आड़े ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि हेमंत बी. आड़े ने कहा कि आकाशवाणी पिछले नौ दशकों से भारत की आवाज रहा है और स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक इसकी भूमिका महत्वपूर्ण रही है। दूरदर्शन उत्तराखंड के उपनिदेशक कुलभूषण कुमार ने इसे भारतीय चेतना और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में आकाशवाणी देहरादून की कलाकार शरण्या जोशी ने ठुमरी, दादरा और चौती प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। तबले पर प्रदीप्त डे और हारमोनियम पर माहिर अहमद ने संगत दी। अंत में पार्थाे राय चौधरी ने संतूर पर राग पूरिया धनाश्री प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आकाशवाणी, दूरदर्शन और अन्य विभागों के अधिकारी, कलाकार, रेडियो प्रेमी और बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।
