एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने उत्तराखंड के बहुचर्चित ’’एलयूसीसी चिटफंड घोटाले’’ में बड़ी कार्रवाई करते हुए सरगना सुशील गोखरू समेत पांच आरोपियों को देश के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अन्य आरोपियों में राजेंद्र सिंह बिष्ट, तरुण कुमार मौर्य, गौरव रोहिल्ला और ममता भंडारी शामिल हैं।
यह मामला मेसर्स ’’लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट को-ऑपरेटिव सोसायटी’’ से जुड़ा है। वर्ष 2025 में उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर इस घोटाले से संबंधित सभी एफआईआर ब्ठप् को सौंपी गई थीं। इसके बाद 26 नवंबर 2025 को सीबीआई ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि उत्तराखंड में करीब ’’1 लाख से अधिक निवेशकों’’ को आकर्षक योजनाओं का लालच देकर निवेश कराया गया। निवेशकों से लगभग ’’800 करोड़ रुपये’’ जमा कराए गए, जिनमें आंशिक भुगतान के बाद करीब ’’400 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी’’ का अनुमान है।
सीबीआई के अनुसार मुख्य आरोपी समीर अग्रवाल अपनी पत्नी सानिया अग्रवाल के साथ विदेश फरार है। दोनों के खिलाफ नोटिस और सर्कुलर जारी किए गए हैं। जांच में आरोपियों द्वारा धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कई अचल संपत्तियों का भी पता चला है, जिन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है ताकि पीड़ित निवेशकों को राहत मिल सके। सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच तेजी से जारी है।
