सीडीओ ने की वित्तीय योजनाओं और ऋण प्रकरणों की समीक्षा

पौड़ी गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने बैंकर्स और विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लंबित ऋण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और पर्यटन विभाग की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। सीडीओ ने बैंक शाखाओं को वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने, साइबर सुरक्षा और डिजिटल बैंकिंग की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जनपद में अब तक 12,101 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ मिल चुका है।
