ई-रिक्शा सत्यापन अभियान जारी, 25 अनियमित वाहन सीज

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग द्वारा शहर में ई-रिक्शा सत्यापन एवं चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवमूर्ति चौक से ललतारो पुल के मध्य विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना, सड़क सुरक्षा को मजबूत करना तथा बिना सत्यापन और निर्धारित क्यूआर कोड स्टिकर के संचालित ई-रिक्शाओं पर नियंत्रण स्थापित करना रहा।
अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान परिवहन कर अधिकारी गोवर्धनपुर मुकेश भारती और चिड़ियापुर की परिवहन कर अधिकारी मनीषा शाह भी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने ई-रिक्शाओं के पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, फिटनेस, चालक लाइसेंस और विभागीय क्यूआर कोड स्टिकर की सघन जांच की। जांच के दौरान अनियमित पाए गए 25 ई-रिक्शाओं को सीज किया गया तथा संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने ई-रिक्शा चालकों को समय पर सत्यापन कराने और सभी दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
