लक्सर फायरिंग कांड का खुलासा, चेला गिरफ्तार, कथित बाबा फरार

हरिद्वार/लक्सर। लक्सर कोतवाली क्षेत्र में डॉक्टर पर हुए फायरिंग कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जबकि मामले का मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे कथित सत्संगी बाबा की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 27 अप्रैल को दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार अपने साथियों के साथ बहादराबाद से लौट रहे थे। इसी दौरान बाडीटीप क्षेत्र के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी उनकी गाड़ी को निशाना बनाया गया था। बाद में वाहन में बुलेट मिलने से घटना की पुष्टि हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज की। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी निवासी भिक्कमपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक कथित बाबा के सत्संग में जाता था और बाबा के कहने पर डॉक्टर को निशाना बनाने की साजिश रची गई। आरोपी ने स्वीकार किया कि 14 और 27 अप्रैल को डॉक्टर की कार पर फायरिंग की गई थी।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार कथित बाबा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
