क्षतिग्रस्त पुलिया के पुनर्निर्माण को मंजूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विकास खंड रिखणीखाल के ग्राम पंचायत काण्डा के बीरोंबाड़ी तोक में क्षतिग्रस्त डाट पुलिया के पुनर्निर्माण को जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मंजूरी दे दी है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय ग्रामीणों और राजकीय प्राथमिक विद्यालय दियोड़ के छात्र-छात्राओं को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद तकनीकी प्राक्कलन तैयार कर लगभग 4.06 लाख रुपये की लागत से पुनर्निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया, जिसे तत्काल स्वीकृति मिल गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
