कोट ब्लॉक में प्राचीन सुरंग की खोज, ऐतिहासिक विरासत के संकेत


पौड़ी। जनपद के कोट ब्लॉक क्षेत्र में पुरातत्व विभाग के विशेष अभियान के दौरान एक प्राचीन सुरंग (गुफा) की खोज हुई है, जिसे ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रभारी पुरातत्व इकाई अनिरुद्ध सिंह बिष्ट के नेतृत्व में टीम ने गढ़खेत के आगे गींठीछेड़ा क्षेत्र में यह सुरंग चिन्हित की, जो दुर्गम पहाड़ी मार्ग पर स्थित है।
गुफा का प्रवेश द्वार लगभग 20 मीटर ऊंचाई पर है और भीतर जाने के लिए पत्थरों से बनी सीढ़ियां मौजूद हैं, जिससे इसके मानव निर्मित होने के संकेत मिलते हैं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार यह स्थल प्राचीन काल में सुरक्षित आश्रय के रूप में उपयोग किया जाता रहा होगा, जहां 6-8 लोग ठहर सकते हैं।
करीब 200 मीटर दूरी पर एक अन्य सुरंग का मुहाना भी मिला है, जिससे इनके आपस में जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार विस्तृत सर्वेक्षण और उत्खनन के बाद ही इसके काल निर्धारण की पुष्टि हो सकेगी। यह खोज क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को उजागर करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!