हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर तैयारियां तेज, पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर

चमोली। हेमकुंड साहिब यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण के मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर पेयजल, स्वच्छता और प्लास्टिक कचरे के निस्तारण की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
इको डेवलपमेंट कमेटी को खच्चरों के अपशिष्ट और प्लास्टिक कचरे के उचित निपटान की जिम्मेदारी दी गई, जबकि कूड़ा जलाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया। जिला पंचायत को जागरूकता पंपलेट और साइन बोर्ड लगाने तथा वन विभाग को पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान को श्रद्धालुओं के लिए वाटर एटीएम स्थापित करने और पशुपालन विभाग को घोड़े-खच्चरों के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। 23 मई 2026 से शुरू होने वाली यात्रा के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां तेज कर दी हैं।
