भीषण गर्मी में पथरी-कनखल क्षेत्र के धनपुरा गांव में रही कटौती से नाराजगी
ग्रामीणों ने बिजली की सप्लाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
हरिद्वार। भीषण गर्मी के बीच पथरी और कनखल क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर ग्राम धनपुरा में ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए विभाग पर लापरवाही और उदासीन रवैये का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से दिन और रात दोनों समय बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली काटी जा रही है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तपती गर्मी में बिजली न होने से हालात और भी विकट हो गए हैं। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा पानी की सप्लाई, घरेलू कामकाज और छोटे व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण अमित कुमार चंद उर्फ (गोपी) ने कहा कि लगातार हो रही अघोषित कटौती से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई निश्चित समय नहीं है। विभाग के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली कटौती का स्पष्ट समय निर्धारित किया जाए और बिना सूचना के सप्लाई बाधित न की जाए। साथ ही, खराब ट्रांसफार्मर और लाइन संबंधी समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए जिससे लोगों को इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके। रमेश प्रधान ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती को लेकर पूरे गांव में भारी आक्रोश है। “ग्रामीणों ने कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। विरोध करने वालों में डा. ओमपाल सिंह, तेलुराम, सोमदूत, मिथुन कुमार, जोगिंदर, प्रमोद, विकेश कुमार, रामजीलाल, जॉनी कुमार, दीपक, शिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!