हत्या को आत्महत्या के रूप में अंजाम दे रहे थे परिजन
उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / जोगेंद्र मावी,
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने सीतापुर के रवि चौहान के मर्डर मामले में दो सुपारी किलर गिरफ्तार किए हैं। हत्या कराने में रवि चौहान के परिजनों का ही हाथ निकला। परिजनों ने संपत्ति हड़पने के लिए मर्डर कराया। हालांकि अभी पुलिस आरोपी परिजनों को गिरफ्तार नहीं सकी है। मामले में मृतक की पत्नी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी और दो दिन बाद रानीपुर झाल में शव मिला था।
17 अप्रैल को ज्वालापुर निवासी महिला द्वारा कोतवाली ज्वालापुर में शिकायत दी गई कि उनके पति रवि चौहान पुत्र वेद प्रकाश निवासी सीतापुर उम्र 45 वर्ष जो कि घर से बिना बताए कहीं चले गए हैं जिनका कोई पता नही चल पा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गुमशुदा रवि चौहान की तलाश की, तो 19 तारीख को गुमशुदा रवि चौहान उपरोक्त का शव रानीपुर झाल से बरामद हुआ। शव की स्थिति देख पुलिस को शक हुआ कि मृतक की हत्या की गई है।
खुलासे के लिए कसरत-
मृतक को न्याय दिलाने के लिए दिन-रात कसरत में जुटी पुलिस को डिजीटल एविडेंस मिले कि मोटर साइकिल पर सवार दो व्यक्ति मृतक रवि चौहान को अपने बीच में बैठाकर हरीलोक तिराहे ज्वालापुर होते हुए रानीपुर झाल की ओर गए थे। उक्त दोनों संदिग्ध के बारे में कई लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इस बीच मुखबिर के जरिए जानकारी मिली कि तलाशे जा रहे संदिग्ध में से एक ज्वालापुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर नदीम है।
पूछताछ में खुले राज-
मिले इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने जब हिस्ट्रीशीटर नदीम को पूछताछ हेतु बुलाया गया तो घटनाक्रम की सारी हकीकत सामने आ गई। आरोपी ने अपने साथी दानिश के साथ मिलकर रवि चौहान की हत्या करने की बात कबूलते हुए बताया कि उन्होंने सीतापुर निवासी चाचा-भतीजे द्वारा दी गई डेढ़ लाख रुपये की सुपारी के चलते ये हत्या की। रकम लेने के बाद दोनों ने पहले मृतक को शराब पिलाई और फिर मारपीट कर उसका गला घोंट दिया। इसके बाद उन्होंने रवि को मरा समझ उठाकर नहर पटरी रानीपुर झाल पर फेंक दिया।
जमीनी विवाद आया सामने –
अब तक जुटाए गए तथ्यों के आधार पर ये सामने आया है कि मृतक रवि चौहान को उसके भाई द्वारा उपहार स्वरूप कुछ जमीन दी गई थी जिस कारण पिछले काफी समय से भाई का दामाद नाराज चल रहा था और अलग-अलग तरीके से मृतक के परिवार का मानसिक/ शारीरिक उत्पीड़न कर रहा था। इस विवाद से बचने के लिए मृतक ने रिश्ते के दामाद के नाम एक प्लॉट भी किया लेकिन विवाद नही थमा। अपने लालच को पूरा करने के लिए आरोपी ने अपने भतीजे के साथ मिलकर मृतक की हत्या की सुपारी दे दी।
दोनों सुपारी कीलर गिरफ्तार –
पुलिस टीम ने सुपारी लेकर हत्या करने आरोपी हिस्ट्रीशीटर नदीम और दानिश अली को हिरासत में लेकर उनके कब्जे के हत्या के दौरान इस्तेमाल मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर तथा सुपारी के तौर पर मिली रकम में से बची धनराशि 61000/- बरामद की। गुमशुदगी को हत्या की धाराओं में तरमीम किया गया है।
चाचा भतीजे की तलाश जारी –
मामले के खुलासे और गिरफ्तारी के डर से हत्या की सुपारी देने के आरोपी चाचा-भतीजे फिलहाल भूमिगत हो गए हैं जिनकी तलाश में लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
पकड़े गए आरोपी –
1. नदीम पुत्र मोहम्मद कुरैशी निवासी कस्साबान ज्वालापुर जनपद हरिद्वार उम्र 27 वर्ष।
2. दानिश अली पुत्र नजीर अहमद निवासी कस्साबान ज्वालापुर उम्र 23 वर्ष।
पुलिस टीम –
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह, एसएसआई हर्ष अरोड़ा, एसआई समीप पांडे, एसआई अंशुल अग्रवाल, मनीष भंडारी, एएसआई राकेश सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, कांस्टेबल नवीन क्षेत्री, संदीप, सीआईयू टीम में निरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, कांस्टेबल वसीम का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!