मुख्यमंत्री धामी ने की बीआरओ गेस्ट हाउस में बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान की समीक्षा

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को बीआरओ गेस्ट हाउस में बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी गई।
अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने बताया कि आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आवागमन व्यवस्था में सुधार और आधुनिक सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मास्टर प्लान नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य बद्रीनाथ धाम को भव्य, दिव्य और अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त तीर्थस्थल बनाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं। निर्माण कार्यों में उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग हो। मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर अनुभव को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए आवास, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही विकास कार्यों के दौरान धाम की पारंपरिक पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य को संरक्षित रखने पर भी बल दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से बद्रीनाथ धाम एक विश्वस्तरीय तीर्थस्थल के रूप में स्थापित होगा।
