सीवरेज कार्य के बाद सड़कों की मरम्मत तेज, डीएम के निर्देश पर दिन-रात निर्माण

हरिद्वार। सीवरेज कार्य के चलते खोदी गई सड़कों की मरम्मत को लेकर प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए निर्माण कार्य दिन-रात जारी रखा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर अधिकारियों और ठेकेदारों को चारधाम यात्रा से पहले सभी सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन, व्यापारियों और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
परियोजना प्रबंधक मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज 01 और 02 में तेजी से कार्य हो रहा है। 17 अप्रैल को कुल 335.5 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया, जिसमें विभिन्न गलियों और क्षेत्रों में सीसी रोड, बिटुमिनस मकादम और पावर ब्लॉक कार्य शामिल हैं। प्रशासन ने तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
