चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन एक्शन मोड में, डीएम ने परखी व्यवस्थाएं

श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा से पूर्व प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसके बाद स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों को परखा। उन्होंने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगमता को सर्वाेच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों पर साइनेज, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया। अवैध पार्किंग व होर्डिंग हटाने, ट्रैफिक प्रबंधन सुधारने और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेडिकल रिलीफ पोस्ट, ट्रांजिट कैंप और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
