हरिद्वार में युवा कांग्रेस ने दुष्यंत गौतम के खिलाफ खोला मोर्चा, प्रदर्शन

हरिद्वार। हरिद्वार में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष कैश खुराना के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय के बाहर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत गौतम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी मामले में दुष्यंत गौतम को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। कैश खुराना ने कहा कि ऐसे गंभीर मामले में नाम आने के बावजूद उन्हें हरिद्वार बुलाकर सम्मानित किया जाना न केवल न्याय व्यवस्था का अपमान है, बल्कि पूरे हरिद्वार और उत्तराखंड की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ भी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक कथित वीआईपी का नाम सामने नहीं आता, तब तक युवा कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल और शुभम जोशी ने भाजपा पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर पार्टी “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं से जुड़े मामलों में आरोपित नेताओं को संरक्षण देती नजर आती है। उन्होंने सवाल उठाया कि नाम सामने आने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अभी जिला कार्यालय का घेराव किया गया है, लेकिन आने वाले समय में भाजपा नेताओं के घरों का भी घेराव किया जाएगा। इस दौरान लक्की महाजन, ऋषभ वशिष्ठ सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
