राज्य के हर स्कूल में बजेगी ‘’वॉटर बेल’’, हीटवेव से बचाव के दिए निर्देश

हरिद्वार। गर्मियों में बढ़ते तापमान और हीटवेव के खतरे को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने सभी विद्यालयों में नियमित अंतराल पर ‘वॉटर बेल’ बजाने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्र-छात्राएं समय-समय पर पानी पीकर डिहाइड्रेशन से बच सकें। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने विद्यालयों के समय में आवश्यकता अनुसार बदलाव, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन, ओआरएस और आवश्यक दवाओं का भंडारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों को हीटवेव से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों का स्वास्थ्य सर्वाेच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है, वहां निर्माण कार्यों पर अस्थायी रोक लगाई जाए तथा सार्वजनिक स्थानों, बस अड्डों और बाजारों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक जनपद में हीटवेव एक्शन प्लान तैयार कर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं के तहत अस्पतालों में पर्याप्त बेड, दवाएं, ओआरएस, आइस पैक और प्रशिक्षित स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। एम्बुलेंस सेवाओं को भी सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों के लिए कार्यस्थलों पर छाया, पेयजल और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था तथा दोपहर में भारी कार्य से बचने पर जोर दिया गया।
ऊर्जा विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और बढ़ती मांग को देखते हुए वैकल्पिक योजनाएं तैयार रखने को कहा गया। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि जनपद में सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!