अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग ने 11 शिकायतों पर की सुनवाई

देहरादून। उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने मंगलवार को आयोग कार्यालय में विभिन्न शिकायतों पर सुनवाई की। हरिद्वार, ऊधमसिंहनगर, देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल और चमोली से जुड़े 11 प्रकरणों में पक्षकारों को सुना गया। अध्यक्ष ने अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के निर्देश दिए। भूमि विवाद, जाति प्रमाण पत्र, उत्पीड़न, बैंक ऋण और नियुक्ति से जुड़े मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ट्रैक्टर प्रकरण में समुचित जानकारी प्रस्तुत न करने पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई और सक्षम अधिकारी को अगली सुनवाई में भेजने को कहा। वहीं मुख्त्यार सिंह, वीरेन्द्र यादव और अब्दुल रूहेब से जुड़े तीन मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष श्याम डोभाल, सचिव गोरधन सिंह सहित सदस्य एवं अधिकारी मौजूद रहे।
