आठ वर्षों से अधूरा काकड़ा गाड़-तोणीडाली मोटर मार्ग, ग्रामीणों में आक्रोश

रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। काकड़ा गाड़-तोणीडाली मोटर मार्ग का प्रथम चरण आठ वर्ष बाद भी पूरा नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क का कार्य 26 जनवरी 2019 को शुरू हुआ था, लेकिन 2026 तक प्रथम चरण अधूरा है। ग्राम सभा पठाली, पूशीघट और जाखणी के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग पर कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है।
कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी ने बताया कि वर्ष 2023 में सर्वे के दौरान ग्रामीणों ने विभाग से सर्वे में आवश्यक बदलाव करने का अनुरोध किया था, लेकिन तब विभाग ने इसे स्वीकार नहीं किया। अब विभाग द्वारा सर्वे में बदलाव की बात कही जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के दौरान पुश्तैनी जंगल को भी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार को करीब एक करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जुलाई 2026 में ग्रामीणों ने लोनिवि कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया जा सकता है।
