आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण के लिए 30 करोड़ जारी

देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए राज्य सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि से 30 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए 15-15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को धनराशि का शीघ्र उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों के भवन, चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालय और अन्य क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत कराई जाएगी। सभी कार्य मार्च 2027 तक पूरे कर उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने को कहा गया है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि आपदा प्रभावित विद्यालयों का शीघ्र पुनर्निर्माण कर उन्हें सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
