ज्ञान भारत मिशन के तहत प्राचीन पांडुलिपियों का होगा सर्वेक्षण और डिजिटाइजेशन
हरिद्वार। ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण और डिजिटाइजेशन को लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कहा कि मिशन का उद्देश्य प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। उन्होंने सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों और गुरुद्वारों में उपलब्ध दुर्लभ हस्तलिखित ग्रंथों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन और संस्थाओं से अपील की कि उनके पास प्राचीन पांडुलिपियां या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध हो तो इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालयों अथवा संस्कृत महाविद्यालयों में उपलब्ध कराएं। राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है, जहां पांडुलिपियों की स्क्रीनिंग और डिजिटाइजेशन किया जाएगा। ज्ञान भारतम ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से इन्हें डिजिटल रूप में संरक्षित किया जाएगा। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल सहित देव संस्कृति विश्वविद्यालय, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, पतंजलि विश्वविद्यालय, शिक्षा विभाग और नगर निगम के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
