कालसी थाने में दूसरे दिन भी धरने पर बैठी रही युवती, आत्मदाह का प्रयास
देहरादून/विकासनगर। कालसी थाने में न्याय की मांग को लेकर युवती का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार को धरने के दौरान युवती ने आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने उसे समझाकर रोक लिया। युवती ने आरोप लगाया कि लंबे समय से यौन शोषण और शादी का झांसा देने के मामले में शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। उसने आरोपी युवक, उसके परिजनों और कथित रूप से लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
युवती के अनुसार, करीब पांच-छह वर्ष पहले उसका युवक के साथ संबंध बना था। युवक ने उससे शादी का वादा किया था। मामला सामने आने के बाद परिवारों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। युवती का दावा है कि करीब एक वर्ष पहले पंचायत में उसे युवक की पत्नी के रूप में रखने का निर्णय लिया गया था। इस पर सहमति जताते हुए जब वह युवक के घर पहुंची तो परिवार ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया।
युवती ने आरोप लगाया कि सितंबर 2025 में भी मंदिर में शादी का झांसा देकर उसे अंबाड़ी मोड़ पर छोड़ दिया गया था। इसके बाद परिवार की ओर से दोबारा शादी का भरोसा दिया गया, लेकिन दशहरा 2026 पर भी कोई निर्णय नहीं लिया गया।
पुलिस पर लगाए आरोपों में युवती ने कहा कि गांव पहुंचने पर सुरक्षा का आश्वासन दिया गया था, लेकिन रात में कुछ पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और अभद्रता की तथा उसे जबरन थाने ले आए। उसने पैर में चोट होने के बावजूद उपचार नहीं मिलने का आरोप भी लगाया। युवती के मुताबिक, उसने छह अक्टूबर को थाने में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
धरने को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिल रहा है। प्रदर्शन में कुलदीप चौहान, श्याम सिंह, प्रताप सिंह, प्रधान अर्चना चौहान, गजेंद्र जोशी, दीपक तोमर, पंकज चौहान और प्रधान संगठन अध्यक्ष चरण सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। स्थिति को देखते हुए विकासनगर, डाकपत्थर, सहसपुर और सभा वाला पुलिस की टीमें मौके पर तैनात रहीं। पुलिस क्षेत्राधिकारी आदित्या तिवारी ने बताया कि मामले में अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस पीड़िता और उसके परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
