टिहरी में ईवीएम जागरूकता के लिए दो वैन रवाना
टिहरी। आगामी निर्वाचन के मद्देनजर आमजन को ईवीएम की कार्यप्रणाली और मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने दो जागरूकता वैन संचालित की हैं। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने दोनों वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रत्येक वैन प्रतिदिन कम से कम तीन स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगी, जहां 20 से 30 लोगों को मास्टर ट्रेनर ईवीएम के संचालन की जानकारी देंगे और उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों को कवर करते हुए सरल एवं स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति मतदाताओं का विश्वास मजबूत हो सके।
