एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के मामलों की समीक्षा
पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें दर्ज और लंबित मामलों की समीक्षा के साथ पीड़ितों को राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों में नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई की जाए। पीड़ितों को अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराने में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और बैठक में दिए गए सुझावों पर कार्रवाई की प्रगति समिति को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया सहित समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
