पुलिस ने लौटाई 60 परिवारों की खुशियां, 16 लाख के मोबाइल लौटाए
टिहरी। दीपावली के अवसर पर टिहरी पुलिस ने 60 लोगों को उनके गुम हुए मोबाइल फोन लौटाकर खुशियां दीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में पुलिस और सीआईयू की टीम ने मिशन मुस्कान के तहत वर्ष 2026 में अब तक 60 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये से अधिक है।
पुलिस ने भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद से आईएमईआई नंबर के आधार पर विभिन्न राज्यों से मोबाइल ट्रेस कर बरामद किए। इनमें पर्यटकों के गुम हुए मोबाइल भी शामिल हैं। गृह राज्यों को लौट चुके पर्यटकों के मोबाइल को पुलिस कोरियर के माध्यम से उनके पते पर भेज रही है। एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि आमजन का विश्वास मजबूत करना भी है। उन्होंने मोबाइल गुम होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने और सीईआईआर पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराने की अपील की।
