विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां समय से पूरी करें अधिकारी: डीएम

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने निर्वाचन संबंधी कार्ययोजना, मतदान केंद्रों की स्थिति और मतदाता जागरूकता गतिविधियों की समीक्षा की।
डीएम ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक मॉडल पोलिंग बूथ और प्रत्येक निकाय में एक महिला बूथ बनाया जाए। मतदान केंद्रों पर आवश्यक मरम्मत और सुधार कार्य समय से पूरे किए जाएं। निर्वाचन कार्यों के लिए कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराने तथा स्थानांतरित कर्मचारियों के स्थान पर नए कार्मिकों की संशोधित सूची देने को भी कहा। उन्होंने स्वीप कार्यक्रम के तहत कम मतदान प्रतिशत वाले क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्व निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निभाने और सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश, उपजिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
